मैनपुरी। जनपद में संक्रामक रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले तीन दिनों में तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। सोमवार को जिला अस्पताल में एक और बालिका की पेट दर्द से पीड़ित होने पर मौत हो गई।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन 30 से 35 मरीज पेट दर्द, बुखार तथा कोल्ड डायरिया से पीड़ित होने पर पहुंच रहे हैं। पिछले तीन दिनों में एक तरफ जहां तीन मरीजों की मौत हो गई वहीं चार दर्जन से अधिक मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना बेवर क्षेत्र के गांव मुड़ई निवासी सुनील कुमार की 14 वर्षीय पुत्री रिंकी पिछले तीन दिनों से पेटदर्द से पीड़ित थी। परिजन उसका निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे।
सोमवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान रिंकी की मौत हो गई। तीन दिन पहले भी अस्पताल में संक्रामक रोगों से दो मरीजों की मौत हो गई थी।
इमरजेंसी में तैनात डा. आरके सिंह का कहना था कि परिजनों के अनुसार रिंकी पेट दर्द से पीड़ित थी। रिंकी को अंतिम सांसों में ही अस्पताल लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। सोमवार को जिला अस्पताल में पेट दर्द, कोल्ड डायरिया व बुखार से पीड़ित होने पर आठ मरीजों को भर्ती कराया गया।