मथुरा। सरकार जनता को आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाने के लिए बजट दे रही है और नगर निगम उसका प्रयोग तक नहीं कर सका। आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाने के लिए 1.12 करोड़ का बजट होने के बाद भी निगम द्वारा कोई गोशाला नहीं खोली जा सकी।
गली-गली घूम रही आवारा गाय और सांड़ से निजात दिलाने के लिए सरकार ने नगर निगम को कान्हा के पशु योजना के तहत 1.12 करोड़ रुपया दिया था। इसी योजना के तहत नगर निगम द्वारा दो गोशाला खोली जानी थी। बजट होने के बाद भी निगम के अधिकारियों द्वारा गोशालाओं को नहीं खोला जा सका। जबकि जमुनापार की गोशाला की जमीन पर भूमाफिया द्वारा बार-बार कब्जे का प्रयास किया गया।
उधर निगम द्वारा कई दफा आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान तो चलाया गया लेकिन आवारा पशुओं को पकड़ा नहीं जा सका। इन अभियान के नाम पर बजट का प्रयोग भी किया गया। कैबिनेट बैठक में जानकारी देते हुए नगर निगम की लेखाधिकारी गीता कुमारी ने बताया कि निगम के पास कान्हा के पशु योजना के तहत एक करोड़ 12 लाख रुपया मौजूद है। इस योजना के तहत आवारा पशुओं को पकड़ा जाना है।