मैनपुरी। छह फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जनपद में 121 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। वर्ष 2018 की बोर्ड परीक्षा में जनपद में 94811 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की वार्षिक परीक्षाएं छह फरवरी से 14 मार्च तक संचालित की जाएंगी। परीक्षाओं के लिए जनपद में 121 परीक्षा केंद्र घोषित किए गए हैं। जनपद में वर्ष 2018 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के कुल 49430 तथा इंटरमीडिएट के कुल 45381 परीक्षार्थी शामिल होने जा रहे हैं, जो 2017 की परीक्षा से करीब 11 हजार परीक्षार्थी अधिक है।
वर्ष 2017 में जनपद में 82878 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा केंद्र फाइनल होने के साथ ही शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। इस वर्ष की परीक्षा में छात्र संख्या अधिक होने के बाद भी 92 परीक्षा केंद्र कम बनाए गए हैं। वर्ष 2017 की परीक्षा में जनपद में 213 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
पूर्व में परिषद द्वारा यूपी बोर्ड परीक्षा 2018 के लिए 115 परीक्षा केंद्रों की संभावित सूची भेजी गई थी। जिसमें छह डिबार कालेज भी शामिल थे।
जनपदीय परीक्षा समिति ने छह डिबार कालेजों के साथ ही मानक पूरे न करने वाले नौ अन्य कालेजों को परीक्षा से बाहर कर दिया। इसके अतिरिक्त 21 नए केंद्र इस सूची में शामिल करके परिषद कार्यालय को भेजे थे। जिस पर परिषद ने अपनी मोहर लगाते हुए फाइनल सूची जारी कर दी।