एटा। पिलुआ पुलिस ने एक बार फिर ट्रक से ले जाई जा रही 27 लाख रुपये की गैर प्रांतीय शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक, कार बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की खेप कन्नौज जा रही थी। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी अखिलेश चौरसिया, एएसपी संजय कुमार ने बताया कि थाना पिलुआ पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय सूचना मिली कि एक ट्रक में गैर प्रांतीय शराब जा रही है। जिसके आगे चल रही एक कार सवार लोग शराब पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं। मिली जानकारी पर सक्रिय हुई पिलुआ पुलिस ने ट्रक और कार को रोक लिया।
ट्रक की तलाश के वक्त भारी मात्रा में शराब पुलिस ने देखी। जिसे लेकर कार सवार देवेन्द्र स्वामी पुत्र टीकाराम निवासी धारुहेड़ा जिला रेवाड़ी हरियाणा और ट्रक चालक मुजाहिद पुत्र हकमुद्दीन निवासी कचनेर थाना जीरोडा जिला भरतपुर राजस्थान को पकड़ लिया। एसएसपी ने बताया कि बरामद हुई शराब की कीमत 27 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने ट्रक और उसमें रखी शराब की 279 पेटी और स्विफ्ट डिजायर कार, एक तमंचा, कारतूस और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए हैं।
खल की बोरियों में छिपाई थी शराब
एटा। थाना प्रभारी पिलुआ सुधीर कुमार ने बताया कि तस्कर ट्रक में पीछे तरफ खल की बोरियां रखे हुए थे। जबकि आगे की तरफ शराब की पेटियां रखी हुई थीं। उन्होंने बताया कि बरामद हुई शराब को तस्कर हरियाणा से कन्नौज लेकर जा रहे थे।