फिरोजाबाद।सौभाग्य योजना के तहत हर घर तक बिजली पहुंचाने की दिशा में उप्र सरकार कार्य कर रही है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से गांव-गांव शिविर लगाकर कनेक्शन दिए जाएंगे।
आजादी के सालों बाद भी हजारों गांव और मजरे ऐसे हैं, जहां आज तक बिजली की किरण देखने को लोग तरस रहे हैं।
प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए उपकरणों की क्षमता वृद्धि कराई जा रही है। नए बिजलीघरों का निर्माण हो रहा है। प्रदेश में सौभाग्य योजना के तहत हर घर तक बिजली पहुंचेगी। एमडी एसके वर्मा ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. के समस्त अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ, अवर अभियंताओं को निर्देश दिए सौभाग्य योजना का शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसार कराया जाए।
एमडी ने कहा है कि ग्रामीण उपभोक्ताओं को कनेक्शन के लिए दूरदराज तक दौड़ न लगानी पड़े, इसके लिए गांव में ही शिविर लगाकर कनेक्शन दिए जाएंगे। किन गांव में शिविर लगेंगे, उनकी सूची, कैंप इंचार्ज का नाम, मोबाइल सहित सभी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।