जिले में बुखार अब जानलेवा बन गया है। बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। सिढ़पुरा के अजीत नगर में एक मासूम की मलेरिया की चपेट में आने से मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जयंत कुमार (ढाई वर्ष) पुत्र प्रमोद कुमार निवासी अजीत नगर को पिछले कई दिन से बुखार आ रहा था। परिवारीजनों ने उसे निजी चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सकों ने उसे मलेरिया बताया। चिकित्सकों के इलाज के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। उसकी मौत हो गई। उसकी मौत होते ही परिवारीजन चीत्कार कर उठे।
जनपद में इस समय संक्रामक रोगों का कहर बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक लोग बीमारी की चपेट में है। बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। निजी चिकित्सकों के यहां भी भीड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को चिकित्सा सेवाएं देने में स्वास्थ्य विभाग विफल साबित हो रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मासूम की मौत मलेरिया बुखार की चपेट में आने से हुई है।
उड़ी थी मासूम की हत्या की अफवाह
कासगंज। मासूम की हत्या कर देने की अफवाह उड़ा दी गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इससे पुलिस सकते में आ गई। पुलिस सूचना पाते ही मौके पर पहुंच गई। जब मामला मासूम की बुखार से मौत का निकला तो पुलिस ने राहत की सास ली।