मथुरा/मांट। यमुना खादर की जमीन को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में हुई फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर की मौत के बाद गांव सेही और बिजौली में तनावपूर्ण शांति है। दोनों गांवों में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। खुफिया विभाग भी दोनों पक्षों की हरकतों पर नजर रखे हैं। मांट पुलिस ने हत्यारोपियों को पकड़ने को दबिश दी, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा।
मंगलवार को खादर में जमीन को लेकर गांव सेही और गांव बिजौली के दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई थी। इसमेें हिस्ट्रीशीटर भगवान सिंह की मौत हो गई। बुधवार को मांट पुलिस ने मथुरा, आगरा, अलीगढ़ और हाथरस में दबिश दी। एसपी देहात आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि तीन टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही पांचों हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। फिलहाल थाना शेरगढ़ के गांव सेही और मांट के गांव बिजौली में शांति कायम है।