फिरोजाबाद। उपनिरीक्षक सीधी भर्ती में एक साल की ट्रेनिंग के बाद जिले के युवा सब इंस्पेक्टर बन गए हैं। सोमवार को उन्नाव में आयोजित पासिंग आउट परेड में डीजीपी सुलखान सिंह ने 738 प्रशिक्षु और सब इंस्पेक्टरों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में जिले के 45 युवा शामिल हैं।
उन्नाव में आयोजित पासिंग आउट परेड झमाझम बारिश के बीच कराई गई। 738 प्रशिक्षण और सब इंसपेक्टर ने पानी भरे मैदान में परेड की। पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि डीजीपी सुलखान सिंह रहे। प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य आईजी प्रेम प्रकाश, पुलिस अधीक्षक नेहा पांडे के साथ तमाम अफसर मौजूद रहे।
डीजीपी सुलखान सिंह ने प्रशिक्षु और एसआई को शपथ दिलाते हुए कहा कि एसआई को जनता का सेवक बनकर काम करना है। शपथ ग्रहण और पासिंग आउट परेड के बाद प्रदेश को मिले 2600 नए एसआई को थानों में तैनात किया जाएगा। पासिंग आउठ परेड देखने के लिए जिले से कई अभिभावक भी उन्नाव पहुंचेे और अपने लाडले को थानेदार की ड्रेस में देख फूले नहीं समाए।