बाइक सवार को लोडर टेंपो ने रौंदा, मौत
- फोटो : अमर उजाला
गंजडुंडवारा/पटियाली (कासगंज )।
बाइक से बरात में शामिल होने जा रहे युवक को लोडर टेंपो ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिवारीजनों को सूचित किया। युवक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम गनेशपुर निवासी मुशीर आलम (25) पुत्र फखरे आलम मंगलवार दोपहर सिकंदरपुर वैश्य के ग्राम नैथरा में एक बरात में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहा था। ग्राम तरसी मोड़ पर कादरगंज की ओर से आ रहे लोडर टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप घायल हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक को अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिवारीजनों को सूचना दी। इधर, हादसे के बाद टेंपो चालक फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी।
पहले ममता का उठा साया फिर पति का छूटा साथ
इसे साइदा पत्नी मुशीर की बदकिस्मती कहेंगे कि पांच दिन में पहले उसके सिर से ममता का साया उठा और अब पति का भी साथ छूट गया। मृतक मुशीर की पत्नी साइदा की मां की पांच दिन पहले मौत हुई थी। इस कारण वह मायके कटिया, कंपिल गई थी और अब मुशीर आलम की मौत की सूचना ने साइदा को तोड़कर रख दिया है। पति के शव को देखकर वह अपनी सुधबुध खो बैठी है और बार-बार बेहोश होने लगी। उसकी शादी को महज छह माह हुए हैं।