जबरन अपहरण की तहरीर लिखाए जाने का विरोध करते सपाई।
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद । जिला पंचायत सदस्य के भाई को जबरन उठाकर सपा नेताओं के खिलाफ अपहरण की तहरीर लेने पर सपाइयों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि युवक को पुलिस उसके राजा का ताल स्थित प्रतिष्ठान से ले गई थी।
वार्ड संख्या 22 के जिला पंचायत सदस्य शिव कुमार उर्फ डॉ. बंगाली बाबू भी दो दिनों से सिरसागंज विधायक के पास हैं। शिव कुमार के भाई महानंद राय का कहना है कि सोमवार दोपहर कुछ भाजपा नेता उनके पास आए और कहा कि वह अपने भाई को बुलाकर हमारे पक्ष में मतदान करा दें। इसके एवज में 20 लाख रुपया दिया जाएगा। आरोप है कि मना करने पर धमकाया भी गया। आरोप है कि इसके बाद चौकी प्रभारी राजा का ताल केपी सिंह प्रतिष्ठान पर पहुंचे। जबरन उठाकर चौकी राजा का ताल पर ले आए। यहां उसके भाई शिवकुमार के अपहरण की तहरीर देने के लिए दबाव बनाया गया। जिला पंचायत सदस्य के भाई का आरोप है कि उसने पुलिस को बताया कि उसके भाई का अपहरण नहीं हुआ है, वह सिरसागंज विधायक के पास है।
इस पर पुलिस ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जबरन तहरीर लिखवाने के लिए दबाव बनाया। हिंदी की जानकारी न होने पर पुलिस ने खुद तहरीर लिखकर हस्ताक्षर करा लिए और चौकी से छोड़ दिया। जिला पंचायत सदस्य के भाई ने इस मामले से सिरसागंज विधायक हरीओम यादव को अवगत कराया तो वह भी प्रतिष्ठान पर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी और एसपी सिटी को मामले की जानकारी दी। साथ ही कार्रवाई की मांग की।
कोट
एक व्यक्ति चौकी पर आया था। उसने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें कहा गया था कि उसका भाई चार दिन से लापता है। पीड़ित से तहरीर लेने के बाद सिरसागंज विधायक का फोन आया था। इसके बाद तहरीर वापस कर दी गई। पुलिस किसी को पकड़ कर न तो चौकी पर लाई थी और न ही जबरन तहरीर लिखवाई गई,लगाए गए आरोप निराधार हैं।
राजेश कुमार सिंह एसपी सिटी फिरोजाबाद।
पुलिस के साथ भाजपा नेता खुली गुंडई कर रहे हैं, जो किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जाएगी। तहरीर लेकर थाने पहुंचने वाले पीड़ितों को भगा दिया जाता है। बेटे की जिला पंचायत कुर्सी को जबरन छीनने का प्रयास भाजपा कर रही है।
हरीओम यादव सपा विधायक सिरसागंज।