श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
- फोटो : अमर उजाला
सोरों (कासगंज)। फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने हरिपदी गंगा, लहरा, कछला घाट, कादरगंज घाट पर गंगा स्नान कर पुण्य कमाया। रंगों के महापर्व की पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जयकारे लगाते हुए गंगा में डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती उतार कर प्रसाद चढ़ाया।
श्रद्धालुओं ने फाल्गुनी पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए सुबह से ही पहुंचना शुरू कर दिया। बसों, डग्गेमार वाहनों एवं निजी वाहनों और बाइकों से गंगा स्नान को पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भोर होते ही ब्रह्ममुहुर्त से गंगा स्नान शुरू कर दिया। गंगा में डुबकी लगाते हुए श्रद्धालु गंगा मैयार के जयकारे लगा रहे थे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं घाटों बने मंदिरों में पूजा अर्चना की। हरिपदी गंगा की परिक्रमा लगाई। परिक्रमा मार्ग में बैठे साधु संतों को अबीर गुलाल लगाकर श्रद्धालुओं ने गुझिया, सेब आदि होली के पकवान खिलाएं। मंदिरों में दर्शन कर श्रद्धालुओं ने देवों से अपने परिवार में खुशहाली का आशीष मांगा। मंदिरों में भी अबीर गुलाल उड़ाकर पर्व की खुशियां मनाई। वराह मंदिर, बालाजी दरबार, गणपति, रघुनाथजी, सिद्ध हनुमान, द्वारिकाधीश, सोमेश्वर, पंचमहाशक्ति, बटुकनाथ, ग्राम देवी मंदिर, त्रिमहाशक्ति कालिका मंदिर, मानस मंदिर आदि में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।