बांसगांव टैक्सी स्टैंड के पास बिजली के पोल से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो।
- फोटो : अमर उजाला
एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 12 घंटों में हुए सड़क हादसों में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की जान के बाद परिजनों में चीत्कार मच गई। पुलिस जांच कर वाहन का पता लगा रही है।
कंटेनर की चपेट में आकर गई बाइक सवार की जान
एटा। बहनोई के घर से लौट रहे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव खैरपुरा निवासी ब्रजेश (20) पुत्र वेदराम बाइक पर सवार होकर अपने बहनोई राजेश के घर सिरसा कुरावली मैनपुरी गया था। जहां से सिरसा निवासी शिवा पुत्र रसकलाल के साथ बाइक पर सवार होकर कोतवाली देहात क्षेत्र के पुराने आरटीओ कार्यालय से गुजर रहा था। उसी समय कंटेनर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे ब्रजेश की मौत हो गई। जबकि शिवा घायल हो गया।
बोलेरो की टक्कर लगने से हुआ हादसा
एटा। रिजोर क्षेत्र के मैनपुरी मार्ग पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। थाना सकीट क्षेत्र के गांव कुल्ला हबीबपुर निवासी प्रदीप उर्फ सिंटू (32) पुत्र अमर सिंह बाइक पर सवार होकर रिजोर क्षेत्र के नगला कन्ही से घर लौट रहा था। उसी समय मैनपुरी मार्ग पर उसकी बाइक में बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बोलेरो का पता लगा रही है।
ट्रक ने महिला को रौंदा
एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव महुअट निवासी मुधदीक्षित (45) पत्नी हरिओम दीक्षित अपने भतीजे अंकित पुत्र नवीन के साथ बाइक पर सवार होकर कोतवाली नगर क्षेत्र के रोडवेज बस स्टेड के पास से गुजर रही थी। उसी समय ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे मधु दीक्षित सड़क पर गिर गई और ट्रक से कुचलकर उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सड़क हादसे में चार घायल
एटा। अलग-अलग जगह पर हुए सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए। इनमें रीता पत्नी तरुण कुमार और उसकी बेटी तनु निवासी शिव ओमपुरी जेएलएन डिग्री कालेज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से और होतीलाल पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी नगला पट्टी थाना ढोलना कासगंज और संजय पुत्र राम सिंह निवासी उम्मेदपुर थाना गंगीरी अलीगढ़ मिरहची क्षेत्र के सिरसा टिप्पू के पास बाइक और रोडवेज बस की टक्कर में घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।