मथुरा। स्कूल के बाहर शनिवार को लिखी गईं गणित की 17 उत्तर पुस्तिकाओं के साथ दो सॉल्वर पुलिस ने पकड़ लिए हैं, जबकि केंद्र व्यवस्थापक और प्रबंधक पुलिस को देख भाग निकले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके इनकी तलाश शुरू कर दी है।
मथुरा में परीक्षा केंद्रों के बाहर कापियां लिखी जा रही हैं। शनिवार को पुलिस ने विष्णु और देवेश नाम के युवकों को गिरफ्तार करके इनके कब्जे से 17 उत्तर पुस्तिकाएं बरामद की हैं। यह उत्तर पुस्तिकाएं हाईस्कूल गणित की थीं।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि इन उत्तर पुस्तिकाओं को सवित्री देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ले जाया जा रहा था। इन उत्तर पुस्तिकाओं को कुड़वारा गांव में लिखा गया था। जो तीन किलोमीटर दूर है। बताया जाता है कि इस गांव के तमाम छात्र का परीक्षा केंद्र सवित्री देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय है।
जिला विद्यालय निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि दोनों सॉल्वर गिरफ्तार हो गए हैं। विद्यालय के प्रबंधक जयपाल और केंद्र व्यवस्थापक प्रथम सिंह मौके से फरार हो गए हैं। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बताया जाता है कि परीक्षा केंद्र से बाहर कापी लिखे जाने के लिए बीस से तीस हजार रुपये लिए जा रहे थे। पुलिस के हाथ तो दो ही सॉल्वर लगे हैं लेकिन माना जा रहा है कि सॉल्वर की संख्या अधिक है।