मैं प्यार भरा एक बादल हूं, हर ओर खुशी बरसाऊंगा.
- फोटो : अमर उजाला
एटा। राजकीय कृषि औद्योगिक एवं विकास प्रदर्शनी पंडाल में मंगलवार को जनपदीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि पद्म अग्रवाल ने अपने गीत ‘मैं प्यार भरा एक बादल हूं, हर ओर खुशी बरसाऊंगा और मेरी धरती अमन की है यहां मत आग बरसाओ’ को श्रोताओं ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश वरिष्ठ और संचालन कवि राजकुमार गुप्त भरत द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड और भाजपा नेता पंकज गुप्ता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संजीव कुलश्रेष्ठ ने वाणी वंदन मां शारदे झुक के तुझको करें सभी नमन, हम बार-बार तेरे चरणों में ही लें जनम से किया गया। कवि सम्मेलन में कवियों को सुनने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे, जिन्होंने कवियों के अंदर जोश भर दिया। कवि वीरेन्द्र लवानिया वीर ने ‘लोग जब जीने न दे और जहर पीने न दे तो समझो गुनगुनाने का समय आ गया है’ से खूब वाह वाही लूटी। कवि निर्मल सक्सेना के गीत, प्यार के गीतों को मोती का सजाया जाए गर अंधेरा हो तो दिल को जलाया जाए पर श्रोताओं को तालियां खूब बजायी। युवा कवि दीपक पांडेय ने ‘मेरी मजबूरी भला और बढ़ाने वाले, अब तेरे पास ही बैठे हैं चाहने वाले’ सुनाया। विकास राघव ने वर्तमान राजनीति पर कविता पढ़ते हुए कहा कि ‘एक शोर मचा है जंगल में अब हम अच्छे दिन लाएंगे, बंदर-गिरगिट भी अब सरकार बनाएंगे’। पूर्व विधायक प्रजा पालन वर्मा, शिव शंकर वार्ष्णेय, राजपाल सिंह, प्रेमनाथ मिश्र, डा. बलवीर प्रसाद शर्मा, डा. कामेश्वर प्रसाद सिंह, उमाकांत शर्मा, हरीबाबू गुप्ता, सुभाष चंद्र सहित मंच पर उपस्थित कवि और अतिथियों का माल्यार्पण, शॉल व प्रतीक चिन्ह देकर कार्यक्रम संयोजन वीरेंद्र सिंह वार्ष्णेय ने स्वागत किया।