एटा। जिले में एक जनवरी से आयोजित होने जा रहे एटा महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को प्रशासन ने एटा महोत्सव में होने वाले कार्यक्रमों की सूची जारी कर दी है।
महोत्सव में देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस दौरान बिग बॉस फेम जसलीन माथरू, गायक जस्सी गिल, कैलाश खेर, गायिका ममता शर्मा, मालिनी अवस्थी, असित त्रिपाठी और अग्रिहोत्री बंधु शिरकत करेंगे। कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने पूरी सजगता बरती है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि एटा महोत्सव में एक महीने तक मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जिले के लोग कार्यक्रमों का आनंद लें। उन्होंने कहा कि एटा महोत्सव में प्रवेश के लिए कोई भी शुल्क नहीं है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रमों में पहुंचने को कहा है।
मंडलायुक्त करेंगे शुभारंभ
एटा महोत्सव के दौरान एक जनवरी को सुबह योग शिविर, हवन, कलक्ट्रेट-केनरा बैंक मार्ग का उद्घाटन होगा। इसके बाद शाम को मंडलायुक्त अजयदीप सिंह महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके बाद लेजर शो और असित त्रिपाठी नाइट का आयोजन होगा। प्रदर्शनी में एक महीने तक लगातार सुबह योग शिविर का आयोजन होगा।