एटा। भारतीय किसान यूनियन भानु द्वारा तहसील जलेसर के गेट पर तालाबंदी करने के मामले में तहसीलदार ने भाकियू भानु के 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोतवाली जलेसर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में भाकियू भानु ने रोष व्यक्त करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
तहसीलदार जलेसर विजय कुमार छत्रपति ने तहसील गेट पर भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ताओं द्वारा तालाबंदी को सख्ती से लिया है। तहसीलदार ने यूनियन से 150 से 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाते हुए विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बता दें कि भाकियू भानु ने बिजली, पानी और सड़क के साथ साक बैंकों में केसीसी के नाम पर किसानों से हो रही वसूली के विरोध में तीन दिन तक तहसील पर धरना प्रदर्शन किया था।
इस दौरान भाकियू भानु के पदाधिकारियों ने तहसील के साथ साथ अन्य सरकारी कार्यालयों में भी तालाबंदी कर दी थी। इसको लेकर तीन दिन तक तहसील में कोई कार्य नहीं हो सका था। एडीएम प्रशासन धर्मेंद्र सिंह ने मामले हस्तक्षेप कर मामले को शांत किया। भाकियू भानु को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
-------
रिपोर्ट वापस न लेने पर आंदोलन करेगी भाकियू भानु
तहसीलदार जलेसर द्वारा मामला दर्ज कराने की जानकारी पर भाकियू भानु के पदाधिकारियों ने बैठक की। इसमें रोष व्यक्त करते हुए कहा यदि तहसीलदार ने एफआईआर वापस नहीं ली तो आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष विक्की ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन किया गया था। किसानों के हक की लड़ाई लड़ी जा रही है। ऐसे मेें प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई न्यायोचित नहीं है। यदि एफआईआर वापस नहीं ली गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश प्रभारी पवन कुमार सिंह, गौरव पाठक, भीष्मपाल, प्रशांत, सतेंद्र आदि मौजूद रहे।
-----------
परिषद ने जताया रोष
जलेसर में भाकियू भानु के 200 कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज होने की घटना का समग्र विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी ने रोष व्यक्त किया। साथ ही कहा कि किसानों की मांग पूरी कराए जाने के लिए आंदोलन किया जाएगा। किसानों का शोषण बर्दास्त नहीं होगा।