एटा। इकलौते बेटे की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद पिता पूरी तरह से सदमे में है। बेटे की मौत के सदमे में आकर पिता ने फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। जिसे लोगों ने किसी तरह से बचाया। वहीं परिजनों ने एसएसपी से मुलाकात की। इसके बाद पुलिस ने क्लीनिक बंद करा दिया है।
थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव बिचपुरी निवासी सात वर्षीय कृष्ण कुमार की उपचार के दौरान हुई मौत के सदमे से पूरा परिवार टूट चुका है। इकलौते चिराग की मौत से पिता विकेन्द्र यादव पूरी तरह से सदमे में डूबा हुआ है। वह बेटे की मौत के बाद खुद को भी समाप्त करने का प्रयास कर रहा है। उसी को लेकर पिता ने बेटे के गम में फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया।
जिसे परिजनों ने किसी तरह बचा लिया। इसके बाद मृतक पक्ष के लोगों ने पुलिस कार्यालय पर पहुंच एसएसपी आशीष तिवारी से मुलाकात की और क्लीनिक बंद कराने की मांग की। इस पर कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर क्लीनिक को बंद कराया। बता दें कि 27 अक्तूबर को कृष्ण कुमार की कचहरी रोड स्थित डा राजेश सक्सेना के क्लीनिक पर उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
इसकी रिपोर्ट मृतक के पिता विकेन्द्र ने कोतवाली नगर में चिकित्सक के खिलाफ दर्ज कराई थी। वहीं कोतवाली नगर प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि क्लीनिक को बंद करा दिया गया है। मामले की जांच के लिए सीएमओ कार्यालय अधिकारियों को कागजात भेजे गए है। साथ ही पुलिस से मामले की जांच कराई जा रही है।