सुविधा शुल्क लेते ट्रैँफिक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल
सुविधा शुल्क लेकर नो एंट्री में कराई जा रही थी एंट्री
अमर उजाला ब्यूरो
टूंडला। नो एंट्री में सुविधा शुल्क लेकर एंट्री कराने का वीडियो वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा सुविधा शुल्क लेकर भारी वाहनों को नो एंट्री में प्रवेश कराया जा रहा था। हालांकि अभी उक्त पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।
राजा का ताल क्षेत्र के उसायनी चौराहा से फिरोजाबाद शहर के लिए जाने वाले भारी वाहनों को नो एंट्री में रोका जाता है। समय सीमा पूरी होने के बाद नो एंट्री खुलने पर ही बड़े वाहनों को शहर में जाने की अनुमति दी जाती है। ऐसे वाहनों को रोकने के लिए हर समय ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं, लेकिन ये पुलिसकर्मी ही सुविधा शुल्क लेकर भारी वाहनों को नो एंट्री में एंट्री करा देते हैं।
ऐसे ही एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी का सुविधा शुल्क लेते हुए वीडियो बनाकर वीडियो वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के साथ ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।