कोसीकलां (मथुरा)। शनि अमावस्या के मौके पर शुक्रवार रात 12 बजते ही पूरा कोकिलावन धाम जय जय श्री शनिदेव भक्तन हितकारी, सूरज के पुत्र प्रभु छाया महतारी से गुंजायमान हो उठा। पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ था।
कोकिलावन धाम में शुक्रवार रात में ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी हो गया जो कि शनिवार की देर रात तक जारी रहा। मंदिर के महंत महामंडलेश्वर प्रेमदास महाराज ने शनि महाराज का दूध, दही, शहद, खांड़ और गंगाजल से अभिषेक किया। प्रात: हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।
इसमें श्रद्धालुओं ने आहुति डाली। शनिदेव के फूलबंगला की झांकी सजाई गई। हजारों श्रद्धालुओं ने कोकिलावन की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। बिहारीजी मंदिर में फूलबंगला की झांकी के दर्शन के लिए भी भीड़ रही। हजारों श्रद्धालुओं ने सूरज कुंड में स्नान कर परिक्रमा देकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
उधर, खेतों में पानी भर जाने से श्रद्वालु अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करके चले गए। इससे मंदिर को जाने वाले मार्ग पर पहले जाम लग गया। मंदिर प्रशासन माइक से पुलिस से जाम खुलवाने की कहता रहा, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। बाद में जाम ने नंदगांव रोड़ को अपनी गिरफ्त में ले लिया। यही हाल बठैन मार्ग का रहा।