फिरोजाबाद/टूंडला। दो माह पूर्व ससुरालियों को शर्बत में नशीला पदार्थ पिलाकर प्रेमी के साथ फरार हुई नव विवाहिता को प्रेमी के साथ पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। ससुराल से लाखों के जेवर नकदी ले गई थी।
राजा का ताल निवासी राकेश कुमार के बेटे अंकुश की शादी 12 फरवरी को रीता निवासी गांव कर्थनी एटा के साथ हुई थी। रीता 18 अप्रैल को दूसरी बार ससुराल आई थी। एक जून को रीता ने गांव के ही अपने प्रेमी मनोज कुमार को भतीजा बताते हुए घर पर रोक लिया था। रात में ससुरालीजनों को उसने नशीला पदार्थ मिलाकर लस्सी पिला दी। ससुरालियों के बेहोश होने पर वह घर से करीब तीन लाख के जेवर और नकदी लेकर प्रेमी मनोज कुमार के साथ फरार हो गई थी। परिवार के लोगों ने पुत्रवधू रीता और उसके प्रेमी मनोज कुमार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को पुलिस नेे दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
रीता और मनोज दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहे थे। प्रभारी इंस्पेक्टर बीडी पांडेय का कहना है कि दोनों के विरुद्ध विषाक्त शर्बत पिलाकर लाखों के जेवर-नकदी ले जाने का मामला दर्ज है। पुलिस कस्टडी में बैठी प्रेमिका रीता ने बताया कि मनोज से उसके शादी से पहले से ही संबंध हैं। वह मनोज से शादी कर उसके साथ रहना चाहती थी लेकिन परिजनों ने जबरदस्ती उसकी शादी यहां कर दी थी। जेल से छूटकर साथ ही रहेंगे।
परिजनों व पुलिस को उलझाने के लिए प्रेमी मनोज ने प्रेमिका को ले जाने से दो दिन पूर्व मेरठ के टीपी नगर पुलिस कंट्रोल रूम को अपने ही अपहरण की झूठी सूचना दी थी। उसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। मेरठ पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू की। जब टूंडला में उसके विरुद्ध मामला दर्ज हुआ तो उसके अपहरण की झूठी कहानी का सच पता चला।