मिरहची (एटा)। मोहल्ला गड्ढा में प्रेम संबंधों के चलते युवक ने गले में फंदा डालकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों ने हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिरहची के मोहल्ला गड्ढा निवासी सचिन (20) पुत्र दशरथ उर्फ बद्रीप्रसाद ने प्रेम संबंधों के चलते सोमवार रात मकान से सटे बाग में आम के पेड़ पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। शव को पेड़ पर लटका देखकर लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के परिजनों को जानकारी देकर युवक का शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में मृतक के पिता ने थाने में तहरीर दी कि डेढ़ वर्ष से मोहल्ले की ही एक दूसरे समुदाय की महिला और सचिन के बीच प्रेम संबंध थे। महिला के परिजन संबंधों के खिलाफ थे। आरोप है कि योजना बनाकर महिला के परिजनों ने रात में सचिन को बुलाकर आम के बाग में हत्या कर घटना को छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ पर लटका दिया। मामले में चार लोगों को नामजद करते तहरीर दी है।
थाना प्रभारी संजीव शर्मा का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थित साफ होगी। मामले की जांच की जा रही है।