हादसे में बालक सहित दो की मौत
- फोटो : अमर उजाला
एटा। दो जगहों पर हुई मार्ग दुघर्टनाओं में पांचवीं कक्षा के छात्र सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं नौ लोग घायल हो गए। घायलों को परिजनों और राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मैनपुरी थाना औंछा के गांव नगला भाट निवासी मातादीन पुत्र बादशाह अपने बेटे प्रशांत उर्फ पप्पू (18) एवं गांव के मुकेश पुत्र गंगाराम के साथ कासगंज सोरों से कांवड़ लेकर औंछा ऋग बाबा के मंदिर लौट रहा था। सकीट क्षेत्र के गांव जहांगीराबाद के समीप सामने से आए ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। हादसे में प्रशांत उर्फ पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मातादीन और मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव ढकपुरा निवासी वासुदेव का पांच वर्षीय बालक अंकित घर के बाहर खेल रहा था। तभी दूध लेकर जा रही मैक्स कार की चपेट में आकर छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बालक को आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, सोनी पत्नी संतोष एवं सोमवती पत्नी नेम सिंह निवासी किनौड़िया थाना रिजोर रामनगर समीप ऑटो पलटने से, विजय पुत्र चंद्रपाल और राजू पुत्र ठाकुरदास निवासी फतेहपुर एका फिरोजाबाद बाइक भिड़ंत में और बाइक सवार अजीत पुत्र कृष्णपाल निवासी थरौली मलावन, अंकित पुत्र रन सिंह निवासी लभेटा एवं विवेक पुत्र कृष्ण कुमार निवासी तरिगंवा जैथरा अलीगंज रोड पर ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।