एटा। 100 डायल की लग्जरी गाड़ियों के बाद अब दुपहिया वाहन भी जिले में दौड़ते हुए नजर आएंगे। शासन स्तर से जिले को 14 हाई स्पीड वाले दुपहिया वाहन उलब्ध कराए जाएंगे। इसके संचालन के लिए सिपाही और होमगार्डों को तैनात किया जाएगा। यह सुविधा भी लोगों को 15 से 20 मिनट में राहत देगी। तैनाती के लिए थाने और होमगार्ड विभाग से ब्योरा मांगा गया है।
शहर और कस्बों में होने वाली तंग गलियां और उनमें जरुरत पड़ने पर पुलिस की गाड़ियां मौके पर न पहुंचने को लेकर शासन ने कवायद शुरू कर दी है। शहर में छोटी-छोटी गलियों तक पुलिस के वाहन पहुंचने के लिए शासन स्तर से यूपी 100 डायल के दुपहिया वाहन संचालित करने का प्लान तैयार किया है। इसमें 100 डायल प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जिले को शासन स्तर से 100 डायल की 14 बाइक दी जा रही है। जिनको 100 डायल लग्जरी गाडियों की तरह से सूचनाओं पर भेजा जाएगा।
तीन शिफ्ट में ड्यूटी देंगे पुलिसकर्मी
100 डायल प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि इन गाड़ियों पर तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में रहेगी। इसके लिए 48 सिपाही और इतने ही होमगार्डों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 100 डायल दुपहिया वाहनों पर चलने वाले पुलिस कर्मियों को पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें इन वाहनों के संचालन के लिए तैनात किया जाएगा। साथ ही यह सुविधा भी लोगों को 15 से 20 मिनट के अंदर मिलेगी। प्रभारी ने बताया कि जल्द ही शासन स्तर से दुपहिया वाहन उलब्ध कराए जाने की संभावना है।
अखिलेश चौरसिया, एसएसपी