एटा। आगरा कोर्ट में हत्यारोपी को पेशी पर निजी गाड़ी में ले जाने और मौजमस्ती कराने के मामले में दोषी सिपाहियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। आरआई स्तर से सिपाहियों के खिलाफ कराई जा रही है।
जिला कारागार में हत्या के मामले में सुरेंद्र निवासी विटसरा निरुद्ध है। जेल अधीक्षक पीपी सिंह ने बताया कि सुरेंद्र विगत दिनों आगरा से स्थानांतरण होकर जेल आया है। नौ जनवरी को उसे आगरा में पेशी के लिए लाइन से पुलिस कर्मी लेकर गए थे।
लाइन से पेशी के लिए आरोपी को लेकर जाने वाले सिपाहियों ने हत्यारोपी को निजी कार से इधर उधर घुमाया। बताया गया कि सिपाहियों के साथ गए हत्यारोपी ने आगरा के एक व्यापारी को धमकाया भी थी। इस संबंध में आरआई पुलिस लाइन चरनपाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सिपाहियों के खिलाफ जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों सिपाहियों के नाम दिगंबर सिंह हैैं। आरआई ने बताया जांच के बाद आने वाले तथ्यों से अधिकारियों से अवगत कराकर सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।