मैनपुरी। सघन मिशन इंद्र धनुष अभियान का सीएमओ डा. अरविंद गुप्ता एवं रवींद्र सिंह गौर जिला स्वास्थ्य सूचना अधिकारी ने निरीक्षण किया।
सीएचसी किशनी के उपकेंद्र चितायन के एक बजे निरीक्षण में सत्र स्थल पर वजन मशीन नहीं मिली। आंगनवाडी पुष्टाहार वितरण भी नहीं किया जा रहा था। दोपहर दो बजे सत्र स्थल बरुआ का निरीक्षण किया। यहां डयू लिस्ट में आठ बच्चे एवं एक गर्भवती महिला अंकित थीं, परंतु सूची अपडेट नहीं है। सत्र स्थल पर पुष्टाहार वितरण नहीं किया जा रहा है।
किशनी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. शंभू सिंह को पुष्टाहार वितरण एवं अन्य स्वास्थ्य विभागीय व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए। 2:30 बजे नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेखराजपुर, सगामई का निरीक्षण किया गया जिसमें संजय कुमार वार्ड ब्वॉय अनुपस्थित मिला। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचार का एक दिन का वेतन रोके जाने के आदेश दिए।
सीएमओ ने जनपद के सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम में किसी प्रकार की लापरवाही न करें। लापरवाही पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा है कि मिशन इंद्रधनुष के तहत होने वाले टीकाकरण अभियान का जनता को शतप्रतिशत लाभ मिले।