मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव औडेंय निवासी किसान के हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को लिखापढ़ी करने के बाद जेल भेजा दिया। एक जनवरी की सुबह किसान का शव घर के पास चारपाई पर पड़ा मिला था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव औडेंय निवासी 75 वर्षीय रामसनेही लाल 31 दिसंबर की रात करीब दो बजे तक गांव में चल रहे आयोजन में देखे गए थे। एक जनवरी की सुबह उनका शव घर के सामने बनी झोपड़ी में चारपाई पर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोटना बताया गया था। मृतक के पुत्र ने पहले अज्ञात के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी थी। बुधवार को गांव निवासी श्यामवीर के विरुद्ध हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
आरोपी रिश्ते में मृतक का नाती लगता है। आरोपी के बारे में पता चलने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी को बिछिया क्रासिंग के पास दबोच लिया। गुरुवार को थाने में लिखापढ़ी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। वहां से आरोपी को जेल भेजा गया।