स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज।
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन (मथुरा)। ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगाना बेबुनियाद है। यह बात दावानल कुंड स्थित स्वामी पूर्णानंद तीर्थ उड़िया बाबा आश्रम में आयोजित धर्म सभा में भाग लेने आए ज्योतिष पीठ एवं द्वारिका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज ने कही। गुजरात एवं हिमाचल में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि यह जनता का फैसला है।
वहीं, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में केंद्र सरकार की उदासीनता पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण करना सरकार के हाथ में नहीं है। राम मंदिर का निर्माण कोर्ट के फैसले से ही होगा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा तीन तलाक को लेकर कानून बनाए जाने की दिशा में उठाए गए कदम की सराहना की। कहा कि तीन तलाक का मामला नारी की अस्मिता एवं सम्मान से जुड़ा है। इस पर राजनीति ठीक नहीं है।
वहीं बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन समयावधि बढ़ाए जाने की मांग पर कहा कि यदि आराध्य की पूजा-सेवा में कोई व्यवधान नहीं आता है। तो यह अच्छा प्रयास है। इससे श्रद्धालुओं को लाभ होगा। इस अवसर पर राजकिशोर शर्मा, दिनेश पालीवाल, नंदकिशोर चतुर्वेदी, क्षेत्रपाल शर्मा, आरपी शर्मा, सदानंद सरस्वती, धर्मेंद्र कुमार, सीपी शर्मा, सुरेंद्र त्रिपाठी, विजय दुबे, ठाकुर नागेंद्र सिंह, उमानाथ शर्मा आदि ने शंकराचार्य का माल्यार्पण कर स्वागत किया।