भारतीय किसान यूनियन ने शनिवार से अलख जगाओ यात्रा शुरू की है। इस यात्रा में किसान यूनियन के पदाधिकारी गांव गांव जाकर किसानों की समस्याएं पूछेंगे और उनका हल कराने के लिए प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मदद कराएंगे।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह राघव ने सिढ़पुरा ब्लॉक के आलमपुर गांव में यात्रा शुरू की। यहां बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा गांव और किसान के हित में चलाई जा रहीं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और किसानों को लाभान्वित कराया जाएगा। इस दौरान कई महिलाओं ने पेंशन न मिलने की बात भी रखी। दो विकलांग युवकों ने भी पेंशन का लाभ न मिलने की शिकायत की।
उन्होंने सभी पीड़ितों को ऑनलाइन आवेदन किए जाने के संबंध में बताया। लोकवाणी केंद्र के मिथुन सक्सेना ने भी ग्रामीणों को ऑनलाइन आवेदन किए जाने के संबंध में जानकारी दी। यूनियन के महामंत्री संजय प्रजापति ने कहा कि किसान यूनियन का अलख जगाओ कार्यक्रम जिले भर में चलेगा। किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस दौरान रामस्वरूप, हाकिम सिंह, महावीर सिंह, सत्यपाल, रामस्वरूप, टीकाराम, गंगाराम, किशन पाल, लालाराम, दुलीचंद, रामअवतार, सुखराम, वंशीधर मौजूद रहे। पंचायत की अध्यक्ष यूनियन के ग्रामध्यक्ष सत्यपाल सिंह वर्मा ने की।