कासगंज। न्यौली चीनी मिल ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई है। ऐसे में प्रशासन सख्त है। अभी तक मिल ने नोटिस का जवाब तक नहीं दिया है। डीएम की नाराजगी को देखते हुए गन्ना अधिकारी ने मिल प्रशासन को जवाब देने के लिए सोमवार तक का समय दिया है। साथ ही चेतावनी दी यदि सोमवार तक जवाब नहीं दिया तो मंगलवार को डीएम बैठक में सख्त कार्रवाई करेंगे।
न्यौली चीनी मिल पर गन्ना किसानों का नए पेराई सत्र में साढ़े तेरह करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है। भुगतान कराने के लिए गन्ना विभाग ने न्यौली चीनी मिल के लिए अब तक तीन बार नोटिस जारी किया है। इसके बावजूद चीनी मिल ने किसी भी नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया है। इस पर जिला प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। डीएम आरपी सिंह ने गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी हाल में गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान कराया जाए।
यदि इस काम में मिल ढिलाई बरत रही है तो वैधानिक कार्रवाई करें। डीएम की नाराजगी को देखते हुए गन्ना विभाग ने भी सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को डीएम आरपी सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक होनी है। बैठक से पहले नोटिस का जवाब देने के लिए सोमवार तक का समय दिया है। यदि नोटिस का जवाब नहीं दिया गया तो मंगलवार को मिल के खिलाफ कार्रवाई तय है।
बैठक के लिए जुटाया ब्योरा
कासगंज। डीएम आरपी सिंह की समीक्षा बैठक के लिए गन्ना विभाग ने मिल प्रशासन से पूरा ब्योरा जुटाया है कि अब तक कितनी गन्ना खरीद की जा चुकी है, कितनी चीनी बनी है और गन्ना खरीद का लक्ष्य कब तक पूरा करने की योजना है।
जिला गन्ना अधिकारी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि मिल प्रशासन ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। हमने सोमवार तक का समय दिया है। यदि मिल प्रशासन ने सोमवार को जवाब नहीं दिया तो जिलाधिकारी की बैठक में मिल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति करेंगे।