टूंडला। देश में निर्मित पहली सेमी हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस (टी-18) का तीसरा ट्रायल सोमवार को किया जाएगा। यह ट्रेन सुबह नई दिल्ली से रवाना होगी। ट्रायल के दौरान ट्रेन नई दिल्ली से अलीगढ़ तक जाएगी और पुन: अलीगढ़ से नई दिल्ली वापस आएगी। रेलवे सूत्रों की मानें तो 15 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन का शुभारंभ करेंगे।
वंदे भारत एक्सप्रेस का पहला ट्रायल 29 दिसंबर और दूसरा ट्रायल दो फरवरी को किया जा चुका है। तीसरा व अंतिम ट्रायल सोमवार को किया जा रहा है। यह ट्रेन ट्रायल के तौर पर सोमवार सुबह नौ बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अलीगढ़ के लिए चलेगी। 10.30 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी और फिर यहां से 10.55 रवाना होकर 12.25 पर दिल्ली में पहुंचेगी।
ट्रायल के दौरान ट्रेन की स्पीड 130 से 150 हो सकती है
दिल्ली-हावड़ा रूट के ट्रैक को देेखते हुए 16 कोचों वाली इस ट्रेन की अधिकतम स्पीड 130 के आसपास रखी जाएगी। सूत्रों की मानें तो 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर वाराणसी के लिए रवाना करेंगे।