फिरोजाबाद। आम बजट पर आमजनों की प्रतिक्रिया मिलीजुली रही। चिकित्सक, व्यापारी, शिक्षक, अधिवक्ताओं ने बजट पर यही कहा अभी तो सभी घोषणाएं लुभावनी प्रतीत हो रही हैं।
बजट के प्रावधान आमजन को कितनी राहत दे पाएंगे यह भी देखना होगा। हरेक वर्ग को पूरे बजट में सबसे अधिक लुभाने वाली बात आयकर छूट सीमा पांच लाख तक रही। हर किसी ने कहा कि वर्षों पुरानी हमारी मुराद पूरी हुई है।
मोदी सरकार द्वारा जो बजट पेश किया गया है वह वह मध्यम वर्ग के लिए काफी राहत देने वाला बजट है। आयकर में टैक्स स्लैब ढाई लाख से बढ़ाकर पांच लाख किया गया है। इसकी काफी समय से मांग उठ रही थी। इस बजट से हर वर्ग को लाभ मिलेगा। - डा. गौरव दीक्षित, चिकित्सक
अंतरिम बजट में पांच लाख की आय टैक्स फ्री की गई है, यह सरकार का अच्छा कदम है, परंतु पांच लाख से अधिक होने पर पुराने स्लैब के हिसाब से टैक्स देना पड़ेगा। वर्तमान अधिकांश शिक्षकों की आय सात लाख से अधिक है, ऐसे में शिक्षकों को कोई लाभ नहीं मिल सकेगा। -दौलतपाल सिंह, शिक्षक
मोदी सरकार ने आयकर में छूट सीमा बढ़ा कर सबसे बड़ी राहत दी है। यह वह राहत है जिसकी मांग मध्यम और नौकरीपेशा वर्षों से कर रहा था। निश्चित रूप से बजट आम जनता का बजट है। -रमन प्रकाश जैन, हार्डवेयर व्यापारी
चुनावी साल है पहले से लग रहा था लोक लुभावनी घोषणाएं होंगी। अब यह पूरी कितनी होती हैं इसका इंतजार रहेगा। वैसे व्यापार की दृष्टि से बजट में कुछ खास नहीं रहा है। ग्लास कारोबार पर गौर नहीं किया गया। भूरी सिंह यादव, ग्लास कारोबारी
बजट व्यापार को गति देेने वाला है। जीएसटी की मार झेल रहे व्यापारी को आयकर टैक्स स्लैब में छूट देकर बड़ी राहत मिली है। इससे काफी टेंशन दूर होगी। - आनंद अग्रवाल, चूड़ी व्यापारी