नौहझील (मथुरा)। सर्वदलीय किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसान नेता रामबाबू कटेलिया के नेतृत्व में 16 जनवरी को मोरकी के मैदान में ‘गाय बचाओ, किसान बचाओ’ महापंचायत होगी। खुले में घूम रहे जानवरों द्वारा बर्बाद की जा रही किसानों की फसल महापंचायत का मुख्य मुद्दा होगा।
रविवार को नौहझील में पत्रकार वार्ता में किसान नेता रामबाबू कटेलिया ने कहा कि इस समय गाय और किसान दोनों ही संकट से जूझ रहे हैं। किसान विरोधी भाजपा सरकार गायों की रक्षा करने में विफल हैं। समिति के मीडिया प्रभारी गिरिराज प्रसाद वशिष्ठ ने कहा कि इस बार होने वाले आंदोलन की रणनीति पूरी तरह तैयार है।
16 को महापंचायत के बाद 17 जनवरी को यमुना एक्सप्रेसवे पर बाजना से जेवर तक बाइक रैली तथा 18 जनवरी को यमुना एक्सप्रेसवे पर शांति मार्च निकाला जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान सर्वदलीय किसान संघर्ष समिति के युवा अध्यक्ष मनीष जिंदल, भूपेंद्र राजपूत, हरवीर सिंह, शिवचरन सिंह, करुआ सिंह, दिनेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
महापंचायत से दूर रहने का दिया नोटिस
नौहझील। मोरकी के मैदान पर 16 जनवरी को होने वाली महापंचायत से दूर रहने के लिए क्षेत्र में 200 से अधिक लोगों को पुलिस ने नोटिस भेजे हैं। नोटिस में कहा है कि क्षेत्र में धारा 144 लागू है। मोरकी पर होने वाली महापंचायत शासन की बिना अनुमति के बुलाई जा रही है। ऐसे में महापंचायत में न पहुंचे। अगर इस दौरान कोई अनहोनी हुई तो आप भी उसके लिए जिम्मेदार होंगे। किसान नेता चौ. रामबाबू कटेलिया ने बताया कि भाजपा सरकार ऐसी पहली सरकार है जो पीड़ित को अपनी बात कहने से भी रोक रही है। पुलिस द्वारा नोटिस भेजने से जनता रुकेगी नहीं, बल्कि महापंचायत में और भी अधिक संख्या में पहुंचेगी।