फिरोजाबाद। टीटीजेड में शामिल जनपदों में संचालित प्रदूषणकारी उद्योगों को लेकर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रमुख सचिव ने महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। इसमें सीपीसीबी सचिव ने डीएम, उद्योग विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ प्रदूषणकारी उद्योगों को लेकर मंथन किया।
ताज ट्रिपेजियम जोन में शामिल आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, एटा, हाथरस व भरतपुर जिलों में प्रदूषणकारी इकाइयों को लेकर पर्यावरण मंत्रालय ने 26 सितंबर, 2018 को उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर दी है। मंत्रालय ने कमेटी को टीटीजेड में शामिल जिलों में वायु प्रदूषणकारी और गैर प्रदूषणकारी उद्योगों की पहचान करने का जिम्मा सौंपा है, जिससे सुप्रीम कोर्ट को उद्योगों के अलावा प्रदूषण के नए श्रोतों से अवगत कराया जा सके।
प्रदूषणकारी उद्योगों की पहचान के लिए सीपीसीबी ने शनिवार को बुलाई बैठक में सचिव प्रशांत भार्गव ने टीटीजेड में शामिल जिलों के डीएम, उद्योग विभाग व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ प्रदूषणकारी व गैर प्रदूषणकारी उद्योगों की श्रेणी पर मंथन हुआ। सचिव ने कहा कि सीपीसीबी द्वारा जल्द टीटीजेड में प्रदूषणकारी व गैर प्रदूषणकारी उद्योगों की अलग से सूची जारी की जाएगी।
बैठक में टीटीजेड अथॉरिटी की सदस्य सचिव शुभ्रा सक्सेना, डीएम नेहा शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी पीपी श्रीवास्तव, सहायक वैज्ञानिक डा. जेपी सिंह, उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक संदीप यादव, शत्रुघ्न दिवाकर आदि शामिल थे।