एटा। जिला युवा समारोह में परिषदीय व्यायाम शिक्षिका के साथ हुई अभद्रता का मामला तूल पकड़ रहा है। उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ एवं प्राथमिक शिक्षक संघ ने मामले की जांच करा दोषी शिक्षक एवं छात्र के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। न्याय न मिलने पर आंदोलन एवं आगामी बोर्ड परीक्षाओं में ड्यूटी न देनेे की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को राजकीय इंटर कालेज क्रीड़ास्थल पर संपन्न जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक में जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि विगत दिवस संपन्न जिला युवा समारोह के दौरान एक शिक्षक एवं प्रतिभागी छात्र द्वारा निर्णायक शिक्षक एवं शिक्षिका से अभद्र व्यवहार किया गया। शिकायत के बाद भी मेजबान प्रधानाचार्य एवं माध्यमिक शिक्षा के मुखिया डीआईओएस ने भी इनके विरुद्ध कार्रवाई तो दूर शर्मनाक घटना की निंदा तक नहीं की। प्राथमिक शिक्षक संघ के राकेश चौहान ने भी घटना की निंदा की है।
आरोप है कि दौड़ के दौरान एक शिक्षक एवं प्रतिभागी छात्र ने निर्णायक की भूमिका निभा रही परिषदीय शिक्षिका से गाली गलौज कर अभद्रता की थी। बैठक में जिला फुटबाल संघ के सचिव राजीव यादव बॉबी, मंत्री राजीव वर्मा, नेम सिंह चौहान, पुष्पेंद्र चौहान रहे।