फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने प्रांतीय आव्हान पर डीआईओएस दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीआईओएस रितु गोयल को सौंपा। शिक्षकों ने सरकार से पूर्व की लंबित मांगें पूरी करने की मांग की। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक पहुंचे।
जिला महामंत्री राजीव शर्मा ने कहा आज का धरना प्रदेश में पीड़ित हजारों शिक्षकों की मांगो को लेकर है। महंगाई के युग में वित्तविहीन शिक्षकों को अपनी जीविकोपार्जन करने में जिन कठिनाईयों का सामाना करना पड़ता है वो असहनीय है। संगठन उनकी मांगों को लेकर संघर्ष करेगा। संघ के संरक्षक रामकेश यादव ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग करते हुए कहा कि 2005 के बाद नियुक्त शिक्षक अपने भविष्य की ओर देख रहे हैं। उनकी लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ी जाएगी। संघ के उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार ने जिस प्रकार सरकारी राज्य कर्मचारियों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा दी है।
उसी तरह माध्यमिक शिक्षकों को भी निशुल्क चिकित्सा सुविधा दें। संघ के उपाध्यक्ष सुरेश मिश्रा ने कहा कि जिले में अभीतक बोनस और अवशेषों का भुगतान नहीं हुआ है। सरकार कागजी घोषणाएं कर रही है। धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा। विभागों में बाबूओं द्वारा शिक्षकों का उत्पीड़न करने का मामला भी गरमाया। जिलाध्यक्ष उमेशचंद्र यादव ने कहा कि शिक्षकों को नियमित वेतन दिलाया जाए। न प्रवेश कुमार शर्मा, गोकुल गौतम, ग्याप्रसाद भारद्वाज, रामब्रेश यादव, अमित विद्यार्थी, राजेश कुमार, सुनीता चौधरी, पंकज भारद्वाज, दिनेश कुमार, अतुल शर्मा, सरिता यादव, नीतू यादव, ओमप्रकाश यादव मौजूद रहे।