एटा। थाना रिजोर क्षेत्र में 21 जून को हुए हादसे में युवक की मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। शनिवार को परिजनों व ग्रामीणों ने एसएसपी से मिलकर धर्मवीर की मौत को हादसा नहीं हत्या बताया। उन्होंने कुछ नामजद लोगों पर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। इस पर एसएसपी ने पूरे मामले को गंभीरता से देखते हुए एएसपी को जांच के आदेश दिये हैं।
पुलिस कार्यालय पर पहुंचे थाना निधौलीकलां के गांव नगला उम्मेद निवासी रुपराम पुत्र नौबत सिंह ने बताया कि उनका भतीजा धर्मवीर पुत्र होरीलाल 21 जून को रिजोर क्षेत्र के नगला बिके समीप से गुजर रहा था। उसी समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उस समय हादसे में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की थी। मृतक के परिजनों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने बताया कि मृतक की नगला बिके के नामजद लोगों ने हत्या कर शव को सड़क पर डाल दिया था। जिसे लेकर परिजनों ने एसएसपी अखिलेश चौरसिया से शिकायत करते हुए नामजदो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। एसएसपी ने एएसपी से जांच कर सही कार्रवाई करने को कहा है।
आत्मदाह धमकी दी
एटा। एसएसपी से शिकायत करते हुए मृतक के माता, पिता ने कहा कि अगर हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो वह दो अगस्त को आत्मदाह करने को मजबूर होगे। जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।