मथुरा। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के शहर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। विभाग के लोग फाल्ट ठीक ही नहीं कर पा रहे हैं। अगर रात को कहीं तार टूट जाता है तो अगले दिन सही किया जाता है। लोगों में भारी आक्रोश है।
मसानी, कृष्णानगर, जयगुरुदेव आश्रम का इलाका, औरंगाबाद, छटीकरा में तो सारा दिन बिजली आती-जाती रही। बरसात रुकने के बाद भी विभाग फाल्ट ठीक नहीं कर पा रहा है। ऐसा लग रहा है कि मथुरा में बिजली वालों पर किसी का नियंत्रण रह ही नहीं गया है। तीन दिन बारिश का दुखड़ा रोकर पल्ला झाड़ने वाला विद्युत निगम शनिवार को भी कई इलाकों के अंधकार को उजाले में नहीं बदल सका। मसानी बिजलीघर पर सीटी फुंकने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि जब ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के शहर में यह हाल है तो दूसरे शहरों में क्या स्थिति होगी।
10 और पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर आ गए हैं। रविवार की सुबह तक कैंट बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों की आपूर्ति पटरी पर आ जाएगी। बारिश के कारण छोटे-छोटे हुए फाल्टों के कारण आपूर्ति बाधित रही है।
-राघवेंद्र सिंह, एसई शहर