टूंडला। बुधवार को कोर्ट के आदेश पर होटलों में चलने वाले जनरेटरों को सील करने आई प्रशासनिक व प्रदूषण विभाग की टीम को होटल संचालकों व दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ गया। होटल संचालकों ने सील लगाकर लौट रहे एसडीएम की गाड़ी को घेर लिया।
बुधवार को एसडीएम मुख्यालय देवेन्द्र सिंह व प्रदूषण विभाग के वैज्ञानिक सहायक अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आई टीम ने चेकिंग करते हुए डीजल से चलने वाले जनरेटर व कोयले की भट्टियों को सील करना शुरू कर दिया। टीम ने सुभाष चौराहा स्थित रामा होटल पर लगे जनरेटर को सील कर दिया। इसके बाद होटल के निकट चल रहे बैंक के जनरेटर सेट को बिना कार्यवाई किए छोड़ने पर व्यापारी विरोध करने लगे।
इस बीच कार्रवाई कर लौट रहे एसडीएम की गाड़ी को घेर लिया। विरोध को देख टीम मौके से चली गई। टीम में सहायक प्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र सुनील कुमार, राकेश चौधरी, प्रहलाद सिंह शामिल रहे। टीम ने केडी होटल, रामा होटल, सागर रत्ना, कैलाश होटल एवं होटल पर कोयले से चलने वाली भट्ठियों को सील कर दिया।