आग लगने से कंटेनर में लदे फ्रिज, एसी और सामान जला।
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा। यमुनापार क्षेत्र में हाईटेेंशन लाइन के संपर्क में आ जाने से एक कंटेनर में आग लग गई। आग लगने से कंटेनर में लदे फ्रिज, एसी और वाशिंग मशीन जलकर कबाड़ बन गए। कंटेनर इलेक्ट्रानिक उपकरणों को लेकर नोएडा से पुणे जा रहा था।
नोएडा स्थित एलजी कंपनी से फ्रिज, एसी और वाशिंग मशीन लादकर एक कंटेनर शनिवार की सुबह करीब छह बजे पुणे के लिए चला था। सुबह जब कंटेनर यमुनापार क्षेत्र में राया रोड पर सीएनजी पंप के पास पहुंचा तो सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से निकली चिंगारी कंटेनर में गिर गई। इससे कंटेनर में आग लग गई। कुछ ही देर में कंटेनर आग की लपटों में घिर गया।
यह देख कंटेनर के चालक और क्लीनर भाग गए। राहगीरों व एक होटल संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर यमुनापार पुलिस व फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां पहुंच गई और उन्होंने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। आग व पानी से एसी, फ्रिज आदि खराब हो गए हैं। वहीं, आग के चलते 20 मिनट तक मथुरा राया रोड पर जाम लग गया। आग से लाखों का नुकसान हो गया। कंटेनर को यमुनापार पुलिस थाने ले गई।