फिरोजाबाद। हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने थाना उत्तर में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।
हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष अतुल यादव, महामंत्री अमित गुप्ता, उपाध्यक्ष सुगम शिवहरे, विकास पालीवाल, राहुल चौैहान, अनुराग शर्मा एवं शिवम शर्मा ने थाना उत्तर पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में आरोप है कि कुशवाहनगर निवासी रामगोपाल राठौर ने 21 अप्रैल की रात दस बजे ही अपनी फेसबुक पर हिंदू समाज के आराध्य देव भगवान ब्रहमा के खिलाफ अपशब्द लिखते हुए टिप्पणी की है।
उनकी इस टिप्पणी से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। हिंदू जागरण मंच चंद्रनगर ने हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले रामगोपाल राठौर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक उत्तर प्रवेश कुमार ने कहा कि हिंदू जागरण मंच की तहरीर पर आईटी एक्ट एवं भावनाओं को आहत करने वाली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपी के घर पर दबिश दी गई है।