शिवसिंहपुर में बनी अंबेडकर मूर्ति की तोड़ी उंगली
- फोटो : अमर उजाला
एटा। गंजडुण्डवारा रोड शिवसिंहपुर में लगी आंबेडकर प्रतिमा की पहले तो अंगुली तोड़ दी। अराजकतत्वों ने प्रतिमा की चारदीवारी भी गिरा दी। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस के साथ ही एसडीएम, सीओ सिटी मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे है। असामाजिक तत्वों की इस हरकत से क्षेत्र में गुस्सा है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के शिवसिंहपुर में गंजडुण्डवारा मार्ग पर आंबेडकर की प्रतिमा लगी हुई है। प्रतिमा के पीछे दीवार भी लगी हुई है। रात को अराजकतत्वों ने उस दीवार को गिराने के साथ ही आंबेडकर प्रतिमा की उंगली भी तोड़ दी। इसकी जानकारी जब समाज के लोगों को हुई तो उन्होंने मौके पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। हंगामा करने की जानकारी जब कोतवाली नगर पुलिस को मिली तो पुलिस के साथ ही एसडीएम सदर महेंद्र सिंह तंवर एवं सीओ सिटी वरुण कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया है। बताया कि प्रतिमा स्थापित होने वाले जगह को लेकर विवाद है। शिवसिंहपुर निवासी सुधीर दीवार लगी वाली जमीन खुद की बता रहा है।
एसडीएम ने नक्शा देखकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है। वही पुलिस प्रशासन ने तोडी गई उंगली को ठीक कराते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराया।