वृंदावन (मथुरा)। रमणरेती मार्ग स्थित कृष्ण-बलराम इस्कॉन मंदिर का स्थापना दिवस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 24 और 25 मार्च को मनाया जाएगा। समारोह में देश-विदेश से सैंकड़ों श्रद्धालु वृंदावन पहुंचेंगे। मंदिर में समारोह की तैयारियां शुरू कर दीं गईं हैं।
मंदिर के मीडिया प्रभारी रवि लोचन ने बताया कि वर्ष 1975 में राम नवमी के दिन ही इस्कॉन के संस्थापक प्रभुपाद ने वृंदावन में इस्कॉन मंदिर की स्थापना की थी। तभी से भक्त मंदिर का स्थापना दिवस मनाते आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 24 मार्च की सुबह मंदिर में हरिनाम संकीर्तन यात्रा मंदिर प्रांगण में निकाली जाएगी। 25 मार्च को दोपहर 12 बजे ठाकुरजी के श्रीविग्रहों का अभिषेक और महाआरती होगी। उन्होंने बताया कि मंदिर के स्थापना दिवस पर अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, कनाडा, रूस, स्कॉटलैंड, आयरलैंड, आइसलैंड, ऑस्ट्रिया, ऑस्ट्रेलिया, जापान आदि देशों से भी श्रद्धालु आएंगे।