फिरोजाबाद/टूंडला। थाना टूंडला क्षेत्र में बैंदी की पुलिया के पास पटना (बिहार) से आगरा की ओर जा रहे कंटेनर में गुरुवार दोपहर तेज धमाके के साथ आग लग गई। इसमें तीन लोग मामूली रूप से झुलस गए।
मथुरा जिले के कोसी से आइसक्रीम को पटना को ले जाने वाला कंटेनर बंबा बाईपास से आगरा की ओर जा रहा था। कंटेनर जैसे ही थाना टूंडला क्षेत्र में बैंदी की पुलिया के पास पहुंचा तभी अचानक तेज धमाके के साथ कंटेनर में आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि हर कोई दहल गया। धमाका होने के साथ चालक गाड़ी को बंद करके कूद गया। धमाके के साथ कंटेनर की डीजल की टंकी फट जाने से आग पकड़ ली। आग पकड़ते ही कंटेनर धूं-धूं कर जलने लगा।
कंटेनर के आगे के हिस्से में सवार मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र के गांव बलपुरा निवासी वकील उसकी पत्नी बेबी एवं बेटी सना जलने से घायल हो गए। सूचना पर टूंडला व फिरोजाबाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंच गई। फिरोजाबाद के एफएसओ लाखन सिंह ने टीम के साथ डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एफएसओ लाखन सिंह ने बताया कि कंटेनर पर तैनात चालक आगरा थाना अछनेरा से कसौंदी के निवासी देवेंद्र पुत्र राजवीर सिंह कंटेनर से पटना बिहार में आइसक्रीम की सप्लाई करते हैं। इस दौरान यातायात बाधित रहा। कंटेनर के साइड से करने के बाद ट्रैफिक को खुलवाया जा सका।