कोसीकलां (मथुरा)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर में अभियान चलाकर टोमेटो सॉस, हरी चटनी, सरसों के तेल के नमूने लिए। इससे बाजार में खलबली मच गई। कार्रवाई के डर से दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं।
खाद्य सुरक्षा प्लान के तहत मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंदन पांडेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश सिंह, मुकेश कुमार, अरविंद ठाकुर, नंदकिशोर, मनीष शर्मा ने सब्जी मंडी, नंदगांव रोड, मुख्य बाजार में छापा मारकर खाद्य पदार्थों के चार नमूने भरे। टीम ने जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों को साफ-सफाई, बिल, कैश मीमो रखने के निर्देश दिए।
मिठाइयों को ढककर रखने के लिए दुकानदारों से कहा गया। दुकानदार रंग लगी हुए दालें कतई न बेचें, ऐसी दालें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती हैं। रजिस्ट्रेशन प्राप्त करने के बाद ही खाद्य पदार्थों का कारोबार करें।