एटा। अधिकारी यातायात नियम निभा रहे हैं, वहीं उनके अधीनस्थ इन्हें तोड़ने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यातायात माह में पुलिस राहगीरों को यातायात के नियम बता रही है, जबकि पुलिसकर्मी वाहनों पर लटक कर और बाइक पर तीन सवारी लेकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
बाइक पर तीन सिपाही सवार होकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। वहीं अधिकारी इनके खिलाफ कार्रवाई करना मुनासिब नहीं समझ रहे। बेलगाम पुलिसकर्मी यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। यातायात प्रभारी से इस संबंध में जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि नियमों की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मी उन्हें नजर नहीं आए। कहा कि उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात माह को शुरू हुए 19 दिन बीत चुके हैं। बावजूद अधिकारी यातायात माह में प्रतिभाग करते हुए नजर नहीं आ रहे। अधिकारियों की लापरवाही से पुलिसकर्मी भी यातायात नियम तोड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर अधिकारी मौजूद रहें तो हालात सुधर सकते हैं।