एटा। दो तिमाही बीतने के बाद भी अब तक खातों में पेंशन नहीं पहुंच सकी है। बूढ़े कदम समाज कल्याण विभाग के चक्कर काटकर थक चुके हैं। जिले के 4333 वृद्धों को अप्रैल माह से पेंशन के इंतजार में है।
जिले में शासन से 27, 000 वृद्धों को वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित किए जाने का लक्ष्य दिया गया है। अब तक जिले में 25 हजार आवेदकों में से 19 हजार वृद्धों को पेंशन दी जा रही है। नए वित्तीय वर्ष 2017-18 में आवेदन शुरू हुए तो 15 हजार लोगों ने पेंशन के लिए आवेदन किया। इसमें से जांच के बाद 4333 लोग पात्र पाए गए।
अप्रैल में जिले से शासन को आनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सभी को पेंशन भेजने के लिए स्वीकृति भेज दी गई है। इसके बावजूद अब तक खातों में पेंशन नहीं पहुंची है। आलम यह है कि दो तिमाही बीतने के बाद भी पेंशन नहीं आने पर वृद्ध समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
अधिकारी भी शासन से जल्द पेंशन शुरू होने की बात कहकर वृद्धों को टरका रहे हैं। समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार कहते हैं कि नए वित्तीय वर्ष में 4333 वृद्धों का चयन कर सूची शासन को भेजी जा चुकी है। पेंशन जल्द शुरू हो जाएगी।