वृंदावन (मथुरा)। पिछले दिनाें यमुना में आई बाढ़ के बाद पौंटून पुल बह जाने के कारण लोगों को स्टीमर से यमुना पार कराई जा रही है। ठेकेदार द्वारा तादात से अधिक लोगों को स्टीमर में बैठाया जा रहा है।। सिटी मजिस्ट्रेट ने जांच के आदेश दिए हैं।
पिछले दिनों हथिनीकुंड से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना के जलस्तर में काफी वृद्धि हो गई थी, जिससे इसके पास से आने -जाने के लिए बना पौंटून पुल बह गया था। जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
इसका लाभ लेकर संबंधित ठेकेदार ने यमुना में स्टीमर उतारा और लोगों को लाने ले जाने का कार्य शुरु किया। लेकिन स्टीमर में तादात से अधिक लोगों को बैठाया जा रहा है, यही नहीं दुपहिया वाहनों को भी रखा जा रहा है। जिससेे यमुना में हादसे का खतरा बना है।
अपर आयुक्त प्रभात कुमार शर्मा ने 21 जुलाई को मथुरा पीडब्ल्युडी के अधीक्षण अभियंता को भेजे फैक्स में पौंटून सेतु फेरियों से तत्काल वसूली समाप्त करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी लोगों से वसूली की जा रही है।इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट बसंत कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं।