मैनपुरी। जिला अस्पताल में बुखार, उल्टी दस्त और पेट दर्द से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। बुधवार को जिला अस्पताल में विभिन्न रोगों से पीड़ित 11 सौ से अधिक रोगी पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वालों में 100 से अधिक रोगी वायरल फीवर और उल्टी दस्त, पेट दर्द से पीड़ित थे।
थाना भोगांव के गांव रजवाना निवासी पप्पू (32) को अचानक पेट में दर्द होने लगा। उल्टी और दस्त भी होने लगे। हालत गंभीर देख परिवारीजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने डायरिया से पीड़ित बताते हुए उपचार देना शुरू कर दिया। इस दौरान पप्पू की मौत हो गई। बुधवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही रोगियों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। सुबह नौ बजे से ही औषधि वितरण काउंटर पर रोगियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। अस्पताल आने वालोें में अधिकांश रोगी उल्टी दस्त और बुखार से पीड़ित थे। अस्पताल में दोपहर दो बजे तक रोगियों की भीड़ लगी रही।
खानपान में बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के फिजीशियन डाक्टर जेजे राम का कहना है कि इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। दूषित खानपान से पेट दर्द और उल्टी दस्त के रोगी बढ़ रहे हैं। बीमार होने पर कुशल चिकित्सक से खानपान में बदलाव करना चाहिए।
खून की कमी से वृद्ध की मौत
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पड़रिया निवासी ओमप्रकाश (50) की खून की कमी होने के चलते हालत बिगड़ गई। परिवारीजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां जांच में खून की कमी निकली। जब तक खून चढ़ पाता तब तक उनकी मौत हो गई।