मैनपुरी। पालिका बारिश से पहले नालों की सफाई करा रही है। वहीं कर्मचारी सफाई के दौरान नाले की सिल्ट निकालकर सड़क पर ही डाल देते हैं। इससे स्थानीय लोगों को आने जाने में काफी परेशान का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूखने के बाद भी सफाई कर्मचारी सिल्ट नहीं उठाते हैं।
शहर में 25 वार्ड हैं। इनसे गुजरने वाले 84 नालों की सफाई व्यवस्था पालिका करा रही है। वहीं 84 नालों में से अभी तक 70 प्रतिशत नालों की ही सफाई हो सकी है। शेष में कचरा भरने से यह चोक हो चुके हैं। मोहल्ला ककरैया, दक्षिणी छपट्टी, लाल इमली फाटक सहित कई मोहल्लों में बने नालों की अभी तक सफाई नहीं कराई गई। वहीं सफाई कर्मचारी सिल्ट निकालकर सड़क और गलियों में डाल देते हैं। इससे कई स्थानों पर जलभराव की समस्या है के साथ ही लोगों को आने आने की भी किल्लत होती है।
नगर के आश्रम रोड निवासी निवासी रामाधार और घमंडीलाल का कहना है कि नालों की सफाई के दौरान सिल्ट सड़क पर डाल दी गई है। सिल्ट डले पांच दिन बीत गए, लेकिन अभी तक पालिका ने सिल्ट नहीं उठवाई है। इससे चलते काफी परेशानी हो रही है। वहीं रामानंद और बबलू का कहना है कि सफाई हुए सात दिन बीत गए, लेकिन अभी तक पालिका ने सिल्ट नहीं उठवाई है।
ईओ, नगरपालिका रामपाल यादव का कहना है शहर में नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। वहीं सिल्ट सूखने के बाद सफाई कर्मचारियों से उठाने के निर्देश है। यदि सूखने के बाद भी सिल्ट नहीं उठवाई जा रही है तो स्थानीय निवासी उन्हें अवगत कराएं।