फिरोजाबाद। कौशिल्या नगर के युवक की हत्या के आरोप में निरुद्ध आरोपियों को रिमांड पर लेकर उत्तर पुलिस ने निशानदेही पर चाकू बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि इन आरोपियों ने महज दस हजार रुपये की खातिर घर से बुलाकर चाकू से गोदकर युवक की हत्या कर दी थी।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कौशिल्या नगर निवासी राजेश की मोहल्ले के ही बाबूलाल पुत्र कालीचरन और अजय पुत्र विजय वाल्मीकि निवासी ने 27 मई की रात घर से बुलाकर चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी थी। राजेश के शव को आरोपियों ने अपने ही घर के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक की पत्नी मंजू की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके गिरफ्तारी का प्रयास शुरू किया। इस बीच आरोपियों ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया था।
आरोपियों से पूछताछ और राजेश की हत्या में प्रयोग किए गए चाकू को बरामद करने के लिए उत्तर पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया। निशानदेही पर पुलिस ने कौशिल्या नगर स्थित झाड़ियों से चाकू को बरामद करने का दावा किया है। पुलिस की मानें तो पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया कि राजेश की हत्या पैसे के लेनदेन को लेकर की गई थी। राजेश की जमानत के लिए उसकी मां ने दस हजार रुपये बाबूलाल से लिए थे। रुपये मांगने पर राजेश ने अभद्रता की थी।